Nalanda Mid Day Meal: मिड-डे मील में नमक के बदले डाला सर्फ, 33 बच्चे अस्पताल में भर्ती
बिहार (Bihar) से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी स्कूल में 33 बच्चों की तबियत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। स्कूल के बच्चों का आरोप है कि स्कूल में मिलने वाले मिड-डे मील (Mid Day Meal) में नमक के बदले सर्फ डालने की वजह से ये घटना हुई। हालांकि अभी इस पर कोई आधिकाराकि पुष्टि नहीं की गई है।
ये मामला नालंदा (Nalanda) के नूरसराय थाना क्षेत्र परसारी मिडिल स्कूल का है। यहां स्कूल में मिलने वाले मिड-डे मील (Mid Day Meal) में बड़ी लापरवाही सामने आई है। इस लापरवाही के चलते स्कूल के 33 बच्चों अस्पताल के बेड पर पहुंच गए। मंगलवार दोपहर में स्कूल का मिड-डे मील खाने के बाद अचानक छात्र और छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी और चक्कर आने के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
वहीं (Nalanda Mid Day Meal) बच्चों की बिगड़ती हालत को देखते हुए आनन-फानन में इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर्स बच्चों का इलाज कर रहे हैं। वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे और बच्चों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।
वहीं इस घटना के बाद स्कूल के प्राचार्य शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि स्कूल का मिड डे मील पास के एक NGO से आता है। मंगलवार को मेन्यू के मुताबिक बच्चों को सोयाबीन-चावल परोसा गया था। कुछ बच्चे खाना खा चुके थे और इसके बाद दूसरी पंक्ति में बैठे छात्र-छात्राएं भोजन कर रहे थे। इसी दौरान बच्चों ने खाने में नमक कम होने की शिकायत की। रसोईघर में नमक और सर्फ का डिब्बा एक ही जगह रखा हुआ था। बच्चों की शिकायत के बाद रसोइया ने गलती से नमक की जगह सर्फ डालकर भोजन परोस दिया। जिसके बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। ग्रामीणों की मदद से ऑटो के जरिए बच्चों को अस्पताल लाया गया। बता दें इस मामले (Nalanda Mid Day Meal) में जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमेंद्र ने बच्चों की रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई करने की बात कही है।


