Jamui: जमुई कांड Rahul Gandhi ने किया पोस्ट, लिखा ‘वीडियो बेचैन करने वाला है’
बिहार (Bihar) के जमुई (Jamui) से दिल को झकझोर के रख देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग लड़की से कुछ मनचले लड़कों ने तब बदतमीजी की जब वो अपने एक दोस्त के साथ स्कूटी से घर जा रही थी। मनचले लड़कों ने ना सिर्फ उससे बदतमीजी की बल्कि उसे उठाकर अभद्र व्यवहार भी करते दिखे। इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वहीं अब इस घटना पर राजनीति होनी शुरू हो चुकी है। इस मामले में कांग्रेस (Congress) नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने एक पोस्ट शेयर की है। उन्होंने पोस्ट शेयर कर लिखा, वीडियो बेचैन करने वाला है।
घटना पर राहुल गांधी ने बिहार सरकार से एक्शन की मांग की है। उन्होंने साथ ही कई सवाल भी किए हैं। राहुल ने लिखा, जमुई का यह वीडियो बहुत बेचैन करने वाला है। 10वीं क्लास के एक छात्र और छात्रा को रास्ते में जबरदस्ती रोक लिया गया। उन्हें प्रताड़ित किया गया, अपमानित किया गया और छात्रा के साथ उत्पीड़न किया गया। बच्ची हाथ जोड़कर उसे जाने देने की विनती करती रही, मगर गुंडे उसे गलत तरीके से छूते और खींचतान करते रहे।
जमुई का यह वीडियो बहुत बेचैन करने वाला है। 10वीं क्लास के एक छात्र और छात्रा को रास्ते में जबरदस्ती रोक लिया गया। उन्हें प्रताड़ित किया गया, अपमानित किया गया और छात्रा के साथ उत्पीड़न किया गया। बच्ची हाथ जोड़कर उसे जाने देने की विनती करती रही, मगर गुंडे उसे गलत तरीके से छूते और खींचतान करते रहे। उन्होंने आगे लिखा, इन लोगों को ऐसी बदतमीज़ी करने का हक किसने दिया? किसी लड़की के शरीर, उसके आने-जाने और उसकी पसंद-नापसंद पर किसी पुरुष द्वारा नियंत्रण करने जैसा है। ऐसी सोच को जब अंधभक्त सही ठहराते हैं और खुद को ही कानून मानने लगते हैं।
राहुल गांधी ने इस मामले पर हुई कार्रवाई पर सवाल किए। उन्होंने लिखा, उस वीडियो में दिख रहे हर व्यक्ति की पहचान होनी चाहिए और उन अपराधियों पर पॉक्सो कानून के तहत मुकदमा चलाकर उन्हें जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए। अगर ये घटना 19 सितंबर की है तो गुनहगार अब तक सलाखों के पीछे क्यों नहीं हैं? बिहार सरकार जवाब दे कि शाम 7 बजे कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है?
बता दें ये घटना 19 सितंबर की है लेकिन घटना का वीडियो 20 सितंबर से सोशल मीडिया पर वायरल होना शुरू हुआ था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखकर पुलिस ने जांच करते हुए पहले पीड़ित लड़की का पता किया फिर उसका बयान लेकर मनचले लड़कों पर कार्रवाई की है। इस मामले में अब तक तीन लड़कों को गिरफ्तार किया गया है जबकि दो को गिर्फ्तार करने बाकी है।



