VIRAL

Jamui: नाबालिग लड़की से मनचलों ने की छेड़छाड़, Video वायरल होने पर पुलिस ने लिया एक्शन

बिहार (Bihar) के जमुई (Jamui) से दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग लड़की से खुलेआम छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। लड़की अपने एक नाबालिग दोस्त के साथ स्कूटी पर थी, जिसे रास्ते में कुछ मनचलों ने रोक लिया और बदसलूकी करने लगे। इस दौरान लड़की को जबरन उठाकर ले जाने की भी कोशिश की गई। वहीं अब इस घटना से जुड़े कुछ Video सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वहीं वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

सामने आई घटना जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा गांव इलाके की है। यहां 19 सितंबर को नाबालिग युवक और युवती स्कूटी से जा रहे थे। उसी दौरान गांव के कुछ लड़कों ने उनकी स्कूटी रोक ली और उनसे पूछताछ करनी शुरू कर दी। पूछताछ करते हुए एक लड़के ने जबरन लड़की को स्कूटी से उतारा और उससे अभद्र व्यवहार किया। लड़की को उठाकर ले जाने वाला लड़का अपना मुंह गमछे से ढंके हुए था।

वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लड़के पहले स्कूटी को घेरते हैं उसके बाद पूछताछ शुरू करते हैं। लड़की बोलती है कि किताब लेने गए थे। वहीं एक लड़का गाली देकर बोलता है अगर किताब नहीं हुई तो देखना। इस सबके दौरान कुछ लड़के वीडियो बनाते हैं और कुछ लड़की के स्तन को छूते दिखाई देते हैं। लड़की और उसका साथी काफी घबराए नजर आ रहे हैं। वहीं एक मौके पर जब लड़की और लड़का बदसलूकी का विरोध करते हैं तब मुंह ढके हुए लड़का लड़की जबरन उठा लेता है और सड़क की ओर ले जाने लगता है। बाद में कुछ लोग बीच बचाव कर लड़के और लड़की को मनचलों से छुड़ाते हैं।

वहीं 21 सितंबर को सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल हो जाने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी मिली और पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक लड़का और लड़की नाबालिग हैं और दोनों नजदीक के पहाड़ पर फोटोशूट करने गए थे। वहां से वापस आने के दौरान सड़क पर मौजूद लड़कों ने उन्हें घेर लिया और लड़की के साथ बदसलूकी की। पुलिस ने साथ ही ये भी बताया कि वीडियो के आधार पर उन्होंने पहले पीड़िता की खोज की उसके बाद उसका बयान लिया और FIR दर्ज की। वहीं वीडियो में दिख रहे लड़कों की पहचान करते हुए अब तक तीन को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो को पकड़ना अभी बाकी है। पुलिस ने साथ ही जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में SIT गठित कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button