Azam Khan हुए डासना जेल से रिहा, स्वागत के लिए पहुंचे समर्थक
Azam Khan हुए डासना जेल से रिहा, स्वागत के लिए पहुंचे समर्थक
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां (Azam Khan) आखिरकार जेल से बाहर आ गए हैं। 18 नवंबर को देर शाम उन्हें डासना जेल से रिहा कर दिया गया। अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर आए आजम खां के समर्थक जेल के बाहर मौजूद रहे। वहीं रोड पर आजम खां के समर्थकों का लंबा चौड़ा काफिला भी देखने को मिला।
सपा नेता आजम खां मौहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के मामले में मनी लांड्रिंग के आरोप में जेल में बंद थे। 17 नवंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने ED के मनी लांड्रिंग मामले में आजम खां को अंतरिम जमानत दी थी। इसके बाद 18 नवंबर को आजम खां को रिहा किया गया। रिहाई के दौरान आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम डासना जेल पहुंचे। इस खास मौके पर उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य और सपा नेताओं समेत समर्थक भी पहुंचे। इस दौरान आजम खां की एक झलक पाने के लिए धक्का मुक्की भी देखी गई।

पिता की रिहाई के दौरान बेटे अब्दुल्ला के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। उन्होंने पिता की रिहाई के दौरान कहा, ‘आज यहां जुटे उनके सभी शुभचिंतकों ते लिए बेहद खुशी का दिन है। उनके चेहरों पर यह खुशी साफ देखी जा सकती है। ये उन लोगों का जमावड़ा है जो वास्तव में उनका बहुत सम्मान करते हैं। टाइगर वापस आ गया है’।
वहीं आजम खां की रिहाई के खिलाफ ED ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर दी है। इसकी सुनवाई आजम खां की रिहाई के अगले दिन यानी 19 नवंबर को होनी है। इससे पहले मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस बागची ने ED को फटकार लगाई थी। उन्होंने कहा, आसमान नहीं टूट पड़ेगा। उन्हें अंतरिम जमानत पर रहने दो।
बता दें आजम खां को ED ने मनी लांड्रिंग के मामले में 31 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। सपा नेता को उस समय अरेस्ट किया गया जब वो रामपुर जेल से दोहरे पैन कार्ड मामले में जमानत पर जेल से बाहर आ रहे थे। ED ने ये कार्रवाई मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ी मनी लांड्रिंग के मामले में की थी।


