Ankit Balyan Murder: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या, ताबड़तोड़ फायरिंग में गई जान
Ankit Balyan Murder: हरियाणा के पॉपुलर सिंगर अंकित बालियान (Ankit Balyan) की हत्या कर दी गई है। अंकित की हत्या उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के शामली (Shamli) में हुई। बुधवार शाम हुए इस हत्याकांड में जिम से निकलने के दौरान अंकित पर हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उनकी जान चली गई।
मामला बुधवार शाम का है। अंकित पर जिम से बाहर आने के दौरान घात लगाए बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल अंकित को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दावा किया जा रहा है कि अस्पताल ले जाने के रास्ते में ही गायक ने दम तोड़ दिया।
इस घटना की खबर मिलने के बाद अंकित बालियान के परिवार और उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई। अंकित के परिजन बेटे के खोने के बाद रोते बिलखते नजर आए। वहीं अंकित की मां ने बेटे को खोने के बाद रोते हुए इंसाफ की गुहार लगाई। उन्होंने कहा, हमे भी ऐसे ही लेटे हुए चाहिए। हमारे ने तो कोई गलती की नहीं थी। किसी का बुरा नहीं किया था। किसी का कुछ नहीं किया था। उन्होंने आगे कहा, हमारा तो सारा करता धर्ता वही था। हमारा सब मिट्टी में मिला दिया।
पुलिस ने इस मामले में शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मर्डर साइट के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं। बता दें अंकित बालियान अपने गाने भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान को लेकर खासा चर्चा में रहे थे। इस गाने के बाद उनकी पॉपुलेरिटी लगातार बढ़ती गई। वहीं खबरों की मानें तो अंकित राजनीति में भी सक्रिय होने वाले थे। वो जिला परिषद के चुनाव की तैयारी कर रहे थे।



