Raebareli Accident: खाई में गिरी कार बाप-बेटे समेत 3 की मौत
3 died in car accident at Raebareli
उत्तर प्रदेश के रायबरेली (Raebareli Accident) से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक हाई स्पीड कार बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में बाप-बेटे और एक अन्य शामिल हैं। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक अपने दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने बुलंदशहर से रायबरेली पहुंचे थे।
प्रतापगढ़ के सांगीपुर थाना क्षेत्र के निवासी विष्णु ठाकुर मिश्रा की बेटी की गुरुवार को शादी है। इसी में शामिल होने के लिए विष्णु के बेटे चंदर के दोस्त मुकेश (40), उनका बेटा दिव्यांश (20) बुलंदशहर से और रामू (20) अलीगढ़ से आ रहे थे। वो ट्रेन से रायबरेली स्टेशन पहुंचे, जहां दुल्हन का भाई चंदर अपने दोस्त के साथ उन्हें रिसीव करने पहुंचा था। ये सभी स्टेशन से प्रतापगढ़ के सांगीपुर के लिए रवाना हुए।
कार रायबरेली-प्रतापगढ़ रोड पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, फिर पलटते हुए खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से डैमेज हो गया। वहां एक्सीडेंट की आवाज सुनते ही नजदीक के गांववाले वहां पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और सभी को सीएचसी भिजवाया। यहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों को रायबरेली मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।



