Greater Noida Sleeper Bus Accident: स्लीपर बस में लगी आग, 9 यात्रियों की जलकर मौत
Greater Noida Sleeper Bus Accident: ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) में हुए दर्दनाक बस हादसे में नौ यात्रियों की जलकर मौत हो गई। हादसा यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) का है। यहां चलती स्लीपर बस में अचानक आग लग गई और आग की चपेट में आने की वजह से 9 यात्री जिंदा जल गए। वहीं 20 लोगों को सुरिक्षित बचाया गया। हादसे में बचे लोगों ने बस के चालक और परिचालक पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है।
हादसा बुधवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे का है। ये एक डबल डेकर बस थी जो नोएडा से महोबा जा रही थी। इस बस में करीब 30 से ज्यादा यात्री सवार थे। ये हादसा बस के नोएडा से आगरा यमुना एक्सप्रेस-वे पर चढ़ने के कुछ समय बाद हुआ। बस एक्सप्रेस-वे पर करीब 33 किलोमीटर चली तभी बस के कैबिन से जलने की बदबू आने लगी थी। बस में सवार कुछ यात्रियों ने इसकी जानकारी चालक और परिचालक को दी, लेकिन चालक ने इस गंभीर स्थिति को नजरअंदाज कर दिया।
चालक और परिचालक ने आग की संभावना को नजरअंदाज करते हुए बस चलाते रहने का फैसला लिया और कुछ ही देर में बस में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। जो लोग पहले से जग रहे थे उन्होंने शोर मचाया और लोगों के कैबिन खटखटाकर उन्हें भी जानकारी दी। आग फैलने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने बस से बाहर आने की कोशिश शुरू की। कुछ लोग खिड़कियों से कूदकर बाहर आए लेकिन कुछ यात्री बाहर नहीं निकल सके और उनकी जलकर मौत हो गई।
इस हादसे में बचे एक यात्री (सुनील) का कहना है कि चालक से यात्री बस रोकने के लिए कहते रहे लेकिन उसने बस नहीं रोकी। जब यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया तो चालक और परिचालक ने धमकाते हुए कहा, ‘मरना है तो मरो, बस नहीं रोकेंगे।’ यात्री ने बताया कि कुछ ही देर बाद बस में धुंआ फैल गया और आग लग गई। हादसा होने के कुछ देर बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन तब तक बस पूरी तरह से जल चुकी थी। इस मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने मामले की जांच के सख्त आदेश दिए हैं।



