IIT Guwahati में मिला छात्र का शव, आत्महत्या की आशंका
IIT Guwahati Student Found Dead At Campus, Suicide Suspected
आईआईटी गुवाहाटी (IIT Guwahati) से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बीटेक के एक छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। छात्र का शव हॉस्टल बिल्डिंग के पास पाया गया है। इस घटना के सामने आते ही कैंपस में सनसनी फैल गई है। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या से जोड़ा है हालांकि पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच के बाद ही आधाकारिक तौर पर कुछ कहा जा सकता है।
मृतक छात्र का नाम रितेश राज सिंह बताया गया है। वो ओडिशा के पुरी का रहने वाला था और आईआईटी गुवाहाटी में बीटेक थर्ड ईयर का छात्र था। रितेश कंप्यूटर साइंस ऐंड इंजीनियरिंग विभाग में था और ब्रह्मपुत्र हॉस्टल में रहता था। घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि घटना 26 जुलाई को दोपहर बाद करीब 2.30 बजे की है। छात्र ने अचानक पांच मंजिला इमारत से कूदकर खुदकुशी कर ली। पुलिस का कहना है कि शुरुआत में तो मामला खुदकुशी का दिख रहा है हालांकि इसकी गंभीर जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल जांच के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
कॉलेज प्रशासन ने इस मामले में पुलिस को पूरा सहयोग करने की बात कही है। उन्होंने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। बताया गया है कि मृतक छात्र काफी मेधावी था उसे Goldman Sachs से स्कॉलरशिप भी मिली थी। वो कोडिंग क्लब का कंप्पटीटिव प्रोग्रामिंग हैड भी था। बता दें ये पहली बार नहीं है जब आईआईटी गुवाहाटी में छात्र की मौत का मामला सामने आया हो। इससे पहले भी इस संस्थान में कई छात्र आत्महत्या कर अपनी जान गंवा चुके हैं। अकेले साल 2024 में चार छात्रों की मौत का मामला सामने आया था।



