Meerut: कांवड़ यात्रा के लिए सख्त हुई मेरठ पुलिस, DJ मालिकों को दिए कड़े निर्देश
Meerut Police new DJ Rules for Kanwar Yatra
उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा (Kanwar Yatra 2026) को लेकर सरकार की ओर से लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। इस बीच कांवड़ यात्रा को सुचारु रूप से कराने के लिए मेरठ (Meerut) पुलिस भी चौकन्नी हो गई है। मेरठ पुलिस द्वारा सावन की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए डीजे (DJ) संचालकों को कड़े निर्देश दिए हैं।
कांवड़ यात्रा को लेकर मेरठ पुलिस ने डीजे संचालकों के साथ बैठक की। इस बैठक में पुलिस द्वारा DJ संचालकों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई इस बैठक में 50 से अधिक डीजे संचालकों को स्पष्ट कर दिया गया कि यात्रा के दौरान राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा तय सभी नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।

इस बैठक में अधिकारियों ने डीजे की ऊंचाई और चौड़ाई से लेकर ध्वनि की सीमा, डीजे पर बजाए जाने वाले गानों और यातायात व्यवस्था तक कई अहम निर्देश दिए। इस बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान इस्तेमाल होने वाले किसी भी DJ सिस्टम की ऊंचाई 12 फीट और चौड़ाई 10 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही डीजे की आवाज भी निर्धारित मानकों के भीतर ही रखनी होगी ताकि श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी ना हो।
बैठक में पुलिस ने DJ संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के अश्लील, आपत्तिजनक या भड़काऊ गाने अथवा ऑडियो सामग्री नहीं चलाई जाएगी। ऐसे गीत, जो धार्मिक या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकते हैं, उन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का पर्व है और इसकी गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। इसलिए DJ पर बजने वाले गीतों का चयन पूरी सावधानी से किया जाए।

बता दें कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार ने पहले भी कई नियम जारी किए हैं। इस बार यात्रा में त्रिशूल, भाला या कोई नुकीली चीज लेकर चलना मना रहेगा। वहीं 14 दिन तक कांवड़ यात्रा मार्ग पर सभी मीट की दुकानें बंद रहेंगी। इसी कड़ी में मेरठ पुलिस ने भी DJ को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं।



