Korfball Premier League: एक टीम में साथ खेलते हैं लड़के-लड़कियां, 19 सितंबर से शुरू होगी ‘कोर्फबॉल प्रीमियर लीग’
Korfball Premier League: Boys and Girls play together on the same team
भारत में बहुत जल्द एक ऐसे खेल की शुरुआत होने जा रही है जो खेला तो काफी पहले से जा रहा है लेकिन ये लोगों के बीच अन्य खेलों की तरह अभी पॉपुलर नहीं हुआ है। इस खेल का नाम है कोर्फबॉल (Korfball) और अब ये भारत में क्रिकेट, हॉकी, कबड्डी, बैडमिंटन जैसे खेलों की तरह ही एक लीग के फॉर्मेट में खेला जाने वाला है। इस खेल की शुरुआत ‘नया खेल, नई सोच’ की टैग लाइन के साथ कोर्फबॉल प्रीमियर लीग (Korfball Premier League) के रूप में होने जा रही है। इस लीग के जरिए ये अनोखा खेल लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाएगा।
एक ही टीम में साथ खेलते हैं लड़के और लड़कियां
अब बात करते हैं खेल की, कोर्फबॉल की खासियत ये है कि इसमें लड़के और लड़कियां एक साथ एक टीम में खेलते हैं। इस खेल में एक टीम में आठ खिलाड़ी होते हैं, जिसमें चार लड़के और चार लड़कियां खिलाड़ी के तौर पर खेलते हैं। कोर्फबॉल की शुरुआत 1902 में नीदरलैंड्स के एक स्कूल टीचर Nico Broekhuysen ने की थी। ये खेल नीदरलैंड और बेल्जियम के साथ-साथ अन्य 70 देशों में काफी पॉपुलर है। इस खेल में गेंद लेकर भागना मना है। वहीं बात कोर्फबॉल की करें तो ये दिखने में नेटबॉल और बास्केटबॉल जैसा है लेकिन ये इन दोनों खेल से काफी अलग है। कोर्फबॉल में कोर्ट के अंदर एक टोकर होती है जो 3.5 मीटर लंबे पोल पर रखी होती है।
कोर्फबॉल प्रीमियर लीग
अब बात करते हैं भारत में होने वाले KPL यानी कोर्फबॉल प्रीमियर लीग (Korfball Premier League) की। इस लीग के जरिए खिलाड़ियों को एक प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म मिलने जा रहा है। इस लीग में कुल 8 टीम हिस्सा लेंगी और विजेता टीम को 25 लाख की इनाम राशि मिलेगी। KPL की शुरुआत 19 सितंबर 2026 को होगी और इसका फाइनल 4 अक्टूबर 2026 को होगा। ये KPL का पहला सीजन होगा और ये दिल्ली के त्यागराज इनडोर स्टेडियम में खेला जाएगा।



