Faridabad Teacher Murder: स्कूल में घुस कर महिला टीचर की हत्या, बेरहमी से किए 34 वार
Faridabad women Teacher stabbed by a men in school
हरियाणा के फरीदाबाद (Faridabad) से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक स्कूल में घुस कर एक नकाबपोश युवक ने महिला टीचर (Teacher Murder) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हत्यारे ने कुछ ही सेकेंड में बेरहमी से 34 बार वार किए जिसके बाद महिला टीचर ने दम तोड़ दिया। ये पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हुई है। वहीं घटना के कुछ ही घंटे बाद पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला फरीदाबाद (Faridabad Teacher Murder) के सिकरौना गांव (Sikrona village) का है। यहां एक नकाबपोश युवक ने सरस्वती सीनियर सेकेंड्री स्कूल (Saraswati Senior Secondary School) में पढ़ाने वाली महिला टीचर (संध्या) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद इलाके में डर का माहौल है। वहीं इस मामले की खबर मिलने के बाद जांच कर रही पुलिस ने कुछ ही घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
ये पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी में साफ देखा जा सकता है कि युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर स्कूल परिसर में पहुंचता है और टीचर को बुलाता है। जैसे ही टीचर बाहर आती है वो उसे जबरन अपनी ओर खींचता है और चाकू से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर देता है। वार के बाद महिला काफी चिल्लाते और चीखते हुए खुद को बचाने कि भरपूर कोशिश करती दिखाई देती है लेकिन युवक के सिर पर पागलपन सवार था। उसने कुछ ही सेकेंड में महिला के शरीर को चाकू से गोद डाला। वहीं महिला की आवाज सुनते ही स्कूल संचालक बाहर आता दिखाई देता है। वो बीच-बचाव की कोशिश तो करता है लेकिन युवक उसे चाकू दिखाकर धमका देता है। इसके बाद युवक महिला टीचर पर दोबारा वार करना शुरू करता है। महिला खून से लथपथ बेसुध नजर आई। बता दें पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



