Faridabad Gold: कबाड़ वाले ने जीता दिल, लौटाया 100 ग्राम सोना
हरियाणा के फरीदाबाद (Faridabad) से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कबड़ा व्यापारी ने अपनी ईमानदारी की वजह से लोगों का दिल जीत लिया है। दरअसल कबाड़ व्यापारी हाजी अख्तर खान को उनके कबाड़ में करीब 100 ग्राम सोने का गहना मिला, जिसे उन्होंने गहने के असली मालिक को वापस कर दिया। उनकी ईमानदारी की चर्चा अब चारों ओर हो रही है।

कबाड़ व्यापारी हाजी अख्तर खान ने ईमानदारी की अनूठी मिसाल पेश की। उन्होंने अपने कबाड़ में मिले लगभग 100 ग्राम (10 तोला) सोने के गहने, जिसकी वर्तमान कीमत करीब 15 लाख रुपये है, को बिना सोचे समझे उसके असली मालिक अशोक शर्मा को वापस कर दिया।
दरअसल अशोक शर्मा के परिवार ने दिवाली की सफाई के दौरान गलती से एक बोरे में रखे गहने कबाड़ में बेच दिए थे। उन्होंने सोना चोरी से बचाने के लिए गहनों को एक डिब्बे में बंद कर बोरे में छिपाया था। वहीं बेचे जाने के कुछ समय बाद अशोक कबाड़ व्यापारी के पास पहुंचे और उन्हें कबाड़ में सोना होने की बात कही थी। इस बार व्यापारी ने उन्हें गोदाम में रखे सामान की जांच करने के लिए कहा, अशोक शर्मा ने खुद छानबीन की लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला।

कई महीनों बाद, जब अख्तर खान अपने गोदाम की सफाई कर रहे थे तो उन्हें वो खो चुका सोना मिला, जिसे उन्होंने तुरंत अशोक शर्मा को वापस करने का फैसला किया। अख्तर खान गहनों को एसीपी बल्लभगढ़ जितेश मल्होत्रा के कार्यालय में पहुंचे, जहां पुलिस की मौजूदगी में गहना अशोक शर्मा के परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने इस नेक काम के लिए कबाड़ कारोबारी की जमकर सराहना की है।
