News

UP-T20: कानपुर से लखनऊ शिफ्ट हुए UP-T20 के अहम मुकाबले, अब इकाना में होगा प्लेऑफ और फाइनल मैच

यूपी-टी20 (UP-T20) लीग से जुड़ी एक बेहद अहम खबर सामने आई है। इस लीग (UPT20 League) के कुछ अहम मुकाबले अब कानपुर (Kanpur) के ग्रीन पार्क स्टेडियम (Green Park Stadium) में नहीं होंगे। अब इन मुकाबलों को लखनऊ (Lucknow) के इकाना स्टेडियम (Ekana Stadium) में शिफ्ट कर दिया गया है। शिफ्ट किए गए मुकाबलों में इस लीग के प्लेऑफ और फाइनल मुकाबले हैं। इस खबर से कानपुर के फैन्स में भारी निराशा देखने को मिली है।

उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के इन मुकाबलों को कानपुर में होना था, लेकिन लगातार हो रही तेज बारिश की वजह से मैदान में हुए जलभराव की स्थिति को देख यूपी-टी20 मैनेजमेंट को ये कदम उठाना पड़ा। भारी बारिश के चलते कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में प्रस्तावित UP-T20 लीग के प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों को अब लखनऊ शिफ्ट किया गया है। अब टूर्नामेंट के ये सभी अहम और खिताबी मुकाबले लखनऊ स्थित भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।

वहीं ग्रीन पार्क स्टेडियम की जर्जर हालत और बारिश को देखते हुए मैनेजमेंट ने इस पूरा ध्वस्त कर दोबारा बनाने की बात भी कही है। अब 1 सितंबर को ग्रीन पार्क स्टेडियम में आखिरी मुकाबला खेला जाना है। इसके बाद इस स्टेडियम को पूरी तरह से ध्वस्त किया जाएगा और दोबारा स्टेडियम का निर्माण होगा। वहीं इस खबर के आने के बाद से कानपुर और उसके आस-पास के इलाकों के क्रिकेट फैन्स के बीच भारी निराशा देखने को मिल रही है। फैन्स का कहना है कि वो पिछले काफी समय से फाइनल की आस लगाए बैठे थे।

बता दें यूपी टी-20 मुकाबलों के वेन्यू तय होने के दौरान कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम की हालत की वजह से ही इसे वेन्यू के तौर पर नहीं चुना गया था। लेकिन बाद में इस मुकाबले की चेयरमैन के तौर पर कमान संभाल रहे डॉ संजय कपूर ने इसे वेन्यू बनाया था और कुछ सफल मुकाबले भी करवाए लेकिन बारिश की वजह से ग्रीन पार्क में मैच करवाना किसी दुर्घटना को न्योता देने जैसा है। यही वजह है कि बाकी के मुकाबलों को लखनऊ शिफ्ट किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button