Rise & Fall Season 2: शहजाद पूनावाला को पीटकर शो से बाहर हुए Siwet Tomar
MX Player का रिएलिटी शो राइज एंड फॉल (Rise & Fall) अपने दूसरे सीजन की शुरूआत होते ही सुर्खियों में आ गया है। इसकी वजह शो के कंटेस्टेंट्स के बीच छिड़ी घमासान है। ये घमासान अब बहस-बाजी के बदले हाथापाई तक पहुंच गई है और सीजन के तीसरे दिन ही घर से एक कंटेस्टेंट मारपीट करने की वजह से शो से बाहर कर दिया गया है।
शो से बाहर किए गए कंटेस्टेंट का नाम सिवेत तोमर (Siwet Tomar) है। सिवेत ने शो के कंटेस्टेंट और बीजेपी के पूर्व प्रवक्ता शहजाद पूनावाला (Shehzad Poonawalla) से बहस के दौरान अचानक मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें शो से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। शो में शहजाद और सिवेत के बीच शुरुआत से ठीक-ठाक बॉन्डिंग देखने को मिली थी। दोनों ने एक साथ स्वरा भास्कर के खिलाफ खड़े रहने की बात भी कही थी लेकिन शो में जब बात अल्टीमेट रूलर के चुनाव की हुई तो शहजाद पूनावाला और सिवेत एक-दूसरे के खिलाफ नजर आए। बस इसी मौके से सिवेत और शहजाद में अनबन देखने को मिली।
शो में रुलर बने कंटेस्टेंट ने जैसे-तैसे दोनों के बीच का बवाल खत्म किया ही था कि स्वरा और सिवेत आपस में बातचीत करते नजर आए। बस शहजाद को ये बात हजम नहीं हुई और वो दोनों के बात करने को लेकर बवाल काटते दिखे। स्वरा (Swara Bhaskar) लगातार इस बात के खिलाफ खड़ी रहीं। उन्होंने कहा कि वो आपस में कुछ भी बात करें उससे इन्हें क्या है।
स्वरा की कही बात पर शहजाद ने सफाई देते हुए कहा कि मुझे आपसे नहीं मुझे सिवेत से दिक्कत है। उन्होंने शो में आने से पहले से कहा था कि वो स्वरा के खिलाफ है लेकिन अब वो बात कर रहे हैं। इस पर साफ-सफाई का खेल चल रहा था कि अचानक सिवेत आ गए और उन्होंने शहजाद की पिटाई कर दी। इस हाथापाई में शहजाद का कपड़ा फट गया और वो जमीन पर गिर गए।
शहजाद को गिरा हुआ देखकर घर के सभी कंटेस्टेंट उन्हें बचाने आए। सिवेत को उनसे अलग कर दिया गया लेकिन शो में मारपीट की कोई जगह नहीं है ऐसे में सिवेत को शो से बाहर कर दिया गया। हालांकि शो में अभी तक सिवेत बाहर नहीं हुए है क्योंकि उनकी पैरवी करने के लिए शो के कंटेस्टेंट करण पटेल और स्वरा भास्कर लिफ्ट में उनके साथ खड़े नजर आए हैं।



