News

Rajasthan: किसान ने खेत में छिपाए थे 5 लाख रुपये, एक भूल से सब हुआ बर्बाद

राजस्थान (Rajasthan) के बालोतरा (Balotra) से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक किसान के खून पसीने की कमाई दीमक चट कर गई। किसान ने 5 लाख रुपये अपने खेत में छिपाए थे। जब करीब एक साल बाद किसान ने उन रुपयो को खोदकर निकाला तब नोटों का हाल देख वो हैरान रह गया। उसके सारे नोट दीमक खा चुकी थी। अब किसान और उसके परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।

ये मामला राजस्थान के बालोतरा का है। यहां मांगीलाल मेघवाल नाम के किसान ने करीब एक साल पहले अपने ही खेत में 5 लाख रुपयों की गड्डियां खेत में छिपाई थीं। उन्होंने अपना एक प्लॉट बेचा था और उससे मिली 5 लाख रुपये की रकम को वो परिवार से छिपाकर रखना चाहते थे। उन्होंने चोरी के डर से अपने खेत में गड्ढा खोदकर नोटों की गड्डी दबा दी थी। किसान का कहना है कि उसे भूलने की बीमारी है, जिसकी वजह से वो ये भूल गया था कि उसने खेत में रुपये कहां छिपाए हैं।

किसान का कहना है कि कुछ समय पहले जब उसे खेत में कमरे बनवाने की जरूरत हुई तो उसने खेत में दबाए पैसों को खोजना शुरू किया लेकिन 10 बीघा खेत में नोटों को खोज पाना काफी मुश्किल रहा। ऐसे किसान ने अपनी पत्नी और बेटे को सारी सच्चाई बताई, पहले तो दोनों को इस बात पर यकीन नहीं हुआ। बाद में बेटे और पत्नी ने भी नोटों की खोजबीन की लेकिन उन्हें रुपये नहीं मिले। करीब एक साल बाद बारिश होने के बाद जब किसान ने नई फसल लगाने के लिए खेत में खुदाई की तब नोटों का थैला बाहर आया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

जून में खेत की खुदाई के बाद बाहर निकले नोट दीमक खा चुकी थी। नोटों की सारी गड्डियां कटी फटी थीं। किसान का परिवार नोटों को लेकर SBI बैंक भी गया लेकिन नोटों का हाल देख बैंक ने भी उन्हें लेने से इनकार कर दिया। बड़े नुकसान के बाद पत्नी और बेटा किसान से काफी नाराज हैं लेकिन किसान का कहना है कि उसने ये रुपये सिर्फ चोरी के डर से छिपाए थे, जिन्हें दीमक खा गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button