Puri Jagannath Rath Yatra: जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान मची भगदड़, एक श्रद्धालु की मौत
devotee dies at puri jagannath rath yatra several injured
ओडिशा के पुरी (Puri) में भगवान जगन्नाथ (Jagannath Rath Yatra) की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा की शुरुआत 16 जुलाई को हुई। इस रथयात्रा में पहले ही दिन भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। अचानक हुई भगदड़ के दौरान एक श्रद्धालु की दम घुटने से मौत हो गई जबकि करीब 100 लोग घायल हो गए।
जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान हुआ ये हादसा तब हुआ जब वहां मौजूद श्रद्धालु बड़ा डांडा पर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों के दर्शन और रथ खींचने का इंतजार कर रहे थे। इसी मौके पर भारी भीड़ में अचानक धक्का-मुक्की होने लगी, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। भगदड़ में कई श्रद्धालु नीचे गिर गए और अफरातफरी मच गई।
मौके पर मची भगदड़ में कई श्रद्धालु घायल हो गए। वहीं इस अफरातफरी के दौरान एक श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। उन्हें डॉक्टर के पास ले जाया गया लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि रथयात्रा के दौरान सौंकड़ों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के रथ के समीप जाने की कोशिश करते नजर आए हैं। इस दौरान हुई अफरातफरी को मौके पर मौजूद सुरक्षा बल काबू करने की कोशिश करता दिखा। वहीं इस भगदड़ के बाद वहां श्रद्धालुओं के जूते चप्पल बिखरे दिखाई दिए।




