Japan की टीम में भी बिहारी, मजेदार है Abhishek Anand का क्रिकेटर बनने तक का सफर
ये बात तो सच है कि बिहारी दुनिया के हर कोने में मौजूद हैं। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि जापान (Japan) की क्रिकेट टीम में भी एक बिहारी लड़का खिलाड़ी के तौर पर शामिल है। इस बिहारी लड़के का नाम अभिषेक आनंद (Abhishek Anand) है और ये बिहार का रहने वाला है। अभिषेक आनंद जापानी क्रिकेट टीम का हिस्सा होने की वजह से अब सुर्खियों में बने हुए हैं।
अभिषेक आनंद का बिहार से जापान की क्रिकेट टीम (Japan Cricket Team) तक पहुंचने का सफर काफी मजेदार रहा है। वो मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले के हैं और बचपन से ही क्रिकेट के शौकीन रहे हैं। अभिषेक के पिता जी की मानें तो अभिषेक पढ़ाई के दिनों में भी जमकर क्रिकेट खेला करते थे। अभिषेक सिर्फ खेल में ही नहीं बल्कि पढ़ाई में भी अव्वल रहे हैं। उन्होंने IIT Kanpur से पढ़ाई पूरी की है। इसके बाद वो जॉब के सिलसिले में जापान पहुंच गए।

जापान पहुंचने के बाद भी अभिषेक का क्रिकेट से लगाव कम नहीं हुआ। वो जॉब करने के साथ-साथ जापान के क्लब क्रिकेट में शामिल हो गए। क्लब में खेलने के साथ ही उनका सेलेक्शन जापान की इंटरनेशनल क्रिकेट टीम में हो गया। अब अभिषेक जापान की क्रिकेट टीम का हिस्सा बन गए हैं। अभिषेक एक मीडियम पेसर बॉलर के तौर पर जापानी टीम में खेलते आए हैं।

बता दें हाल ही में भारत और जापान की टीमों का पहली बार आमना-सामना टोक्यो (Tokyo) के सानो इंटरनेशनल स्टेडियम में हुआ था। ये टी-20 मुकाबला बारिश की वजह से 5-5 ओवर में बंट गया। इस मुकाबले को भले ही भारतीय टीम ने अपने नाम किया लेकिन दिल तो जापान की टीम ने जीता था। इस मुकाबले के दौरान अभिषेक आनंद भारतीय क्रिकेटरों के साथ जमकर बातचीत करते नजर आए। वहीं बिहार से तालुक रखने वाले भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन (Ishan Kishan) और वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) भी अभिषेक के साथ जर्सी एक्सचेंज कर फोटो खिंचवाते दिखे।



