Rajasthan: अवैध खनन रोकने गए Forest Officer को डंपर ने कुचला, अस्पताल में हुई मौत
राजस्थान (Rajasthan) के प्रतापगढ़ (Pratapghar) से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक फॉरेस्ट अफसर की डंपर के नीचे आने की वजह से मौत हो गई। मृत फॉरेस्ट अफसर (Forest Officer) इलाके में हो रहे अवैध खनन को रोकने गया था। इसी दौरान डंपर ने उनको कुचल दिया। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद डंपर चालक और जेसीबी चालक मौके से फरार हो गए।
मामला प्रतापगढ़ जिले के छोटीसादड़ी थाना क्षेत्र का है। यहां अवैध खनन रोकने पहुंचे क्षेत्रीय वन अधिकारी (Forest Officer) प्रताप सिंह चूंडावत की डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना श्री घाटीवाले बालाजी मंदिर के पास के वन क्षेत्र की है। फॉरेस्ट अफसर प्रताप सिंह चूंडावत को सोमवार रात करीब 11.30 बजे इलाके में अवैध खनन की सूचना मिली थी।
सूचना मिलने के बाद बुलेट बाइक से फॉरेस्ट अफसर प्रताप सिंह चूंडावत वनपाल के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान मिट्टी से भरा डंपर आता दिखाई दिया। अफसर ने उस डंपर को रोकने की कोशिश की लेकिन डंपर चालक नहीं रुका और उसने फॉरेस्ट अफसर पर डंपर चढ़ा दिया। अफसर के डंपर की चपेट में आने के बाद भी डंपर नहीं रुका और बुलेट बाइक से साथ उन्हें करीब 50 मीटर तक घसीटता रहा।
हादसे में फॉरेस्ट अफसर प्रताप सिंह चूंडावत गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में निम्बाहेड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं इस घटना के बाद डंपर और जेसीबी चालक मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।



