Sidharthnagar: शादी के 24 घंटे बाद नवदंपति की मौत, आनन-फानन में हुई थी लव मैरिज
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के सिद्धार्थनगर (Sidharthnagar) से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक नवदंपति की शादी के 24 घंटे के भीतर मौत हो गई। इस खबर ने सबको झकझोर के रख दिया है। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस मौत की घटना में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है।

ये मामला सिद्धार्थनगर के बांसी कोतवाली क्षेत्र के जनियाजोत गांव का है। यहां गांव निवासी देशराज चौहान और कड़जहवा गांव निवासी अनीता चौहान की शादी सोमवार 21 सितंबर को बांसी स्थित टेकधर बाबा मंदिर में हुई थी। इस मौके पर दोनों के परिवार वाले भी मौजूद थे। दोपहर दो बजे मंदिर में शादी करने के बाद सभी घर वापस लौट आए थे। शाम को पटिदारों और रिश्तेदारों के खाने का कार्यक्रम हुआ उसके बाद सब सोने चले गए। सुबह चार बजे लड़के की मौसी दोनों को जगाने पहुंची तो दोनों की लाश देख उन्होंने घरवालों को इसकी जानकारी दी। लड़के के पिता ने पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीमों ने घर से सभी साक्ष्य भी एकत्रित कर लिए हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो लड़की का शव जमीन पर मिलाा जबकि लड़के का शव लड़की की साड़ी के फंदे पर लटका मिला।
बता दें देशराज और अनीता ने लव मैरिज की थी। दोनों के प्रेम संबंध को देखते हुए दोनों के परिवारों ने सहमति के साथ साल 2027 के अप्रैल में शादी तय की थी। देशराज करीब 20 दिन पहले ही मुंबई से गांव लौटा था। उसके लौटने की जानकारी मिलने के बाद अनिता भी करीब दस दिन पहले उसके घर आ गई थी और वहीं रह रही थी। ये देख दोनों परिवारों ने सहमति के साथ समय से पहले शादी करने का फैसला लिया था और 21 सितंबर को मंदिर में दोनों की शादी करवाई थी। लेकिन आनन-फानन में हुई इस शादी के 24 घंटे के अंदर ही दोनों की मौत हो गई।



