IIT Guwahati: तेज बहाव में बहकर IIT गुवाहाटी की छात्रा की मौत
IIT Guwahati student Sai Chetna Tragic Accident
आईआईटी गुवाहाटी (IIT Guwahati) से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक छात्रा की मौत पानी में बहने की वजह से हो गई है। मृत छात्रा आईआईटी गुवाहाटी में बीटेक थर्ड ईयर में थी और आगे जाकर आईएएस (IAS) बनना चाहती थी। इस हादसे की खबर के बाद आईआईटी गुवाहाटी में सन्नाटा पसरा पड़ा है।
मृत छात्रा का नाम साई चेतना (Sai Chetna) था। वो शनिवार को अपने दोस्तों के साथ ब्रह्मपुत्र नदी के घाट पर घूमने गई थी। घूमने के दौरान अचानक चेतना का संतुलन बिगड़ गया और वो नदी के तेज बहाव में बह गई। इस घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत बचाव दल और पुलिस को कॉल किया गया, जिसके बाद बचाव दल को छात्रा का शव बरामद हुआ।
पुलिस ने छात्रा के शव की कानूनी प्रक्रिया करने के बाद उसके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव एन. कोट्टापल्ले ले जाया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद छात्रा के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं चेतना के पिता जाम्मलामडुगु में तहसीलदार हैं। चेतना के पिता ने पत्नी की मौत के बाद अकेले ही बेटी को पालकर बड़ा किया था। उनकी बेटी आईएएस बनना चाहती थी। बता दें एक महीने के अंदर आईआईटी गुवाहाटी से ये दूसरी दुखद खबर सामने आई है। इससे पहले जुलाई में बीटेक थर्ड ईयर के छात्र रितेश राज सिंह की मौत पांचवी मंजिल से गिरने से हुई थी। वहीं अब छात्रा की मौत की खबर ने सबको सकते में डाल दिया है।



