Haryana: हरियाणा में 3 दिन बत्ती रहेगी गुल, हड़ताल पर गए बिजली विभाग के कर्मचारी
Haryana Power employees announce three day strike from today after talks fail
हरियाणा (Haryana) वासियों की मुश्किलें बढ़ने जा रही हैं। यहां बिजली विभाग (Haryana Bijli Vibhag) के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। ऐसे में हरियाणा के आम नागरिकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने 11, 12 और 13 अगस्त को पूरे प्रदेश में बिजली ठप करने का ऐलान किया है। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार उनकी मांगे पूरी नहीं कर रही है इस वजह से उन्होंने हड़ताल करने का निर्णय लिया।
हड़ताल (Strike) पर जा रहे कर्मचारी निजी बिजली कंपनियों को लाइसेंस, एग्री डिस्कॉम और स्मार्ट मीटरिंग के खिलाफ लगातार प्रदर्शन करते रहे हैं। बिजली विभाग के कर्मचारी और इंजीनियर्स पिछले काफी समय से प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में धरना प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन प्रदेश सरकार ने समय रहते उनकी सुध तक नहीं ली। यही कारण है कि कर्मचारियों ने पूर्ण रूप से ब्लैक आउट करने का निर्णय लिया।

बिजली विभाग के कर्मचारी सोमवार यानी 10 अगस्त की रात से ही हड़ताल पर चले जाएंगे। वहीं रविवार को ऊर्जा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव आशिमा बराड़ की अध्यक्षता में शक्ति भवन में हरियाणा बिजली कर्मी एवं इंजीनियर्स संयुक्त संघर्ष मोर्चा और प्रबंधन की वार्ता विफल रही थी। बिजली विभाग कर्मचारियों के नेताओं का आरोप है कि निगम प्रबंधन ने कहा कि पैरेलल लाइसेंस, एग्री डिस्कॉम और स्मार्ट मीटरिंग पर कोई आश्वासन नहीं दिया जा सकता है। मोर्चा ने साथ ही कहा कि निगम की ओर से ठेका कर्मियों को पक्का करने, समान काम समान वेतन, जोखिम भत्ता देने, एक्स ग्रेसिया रोजगार स्कीम में लगाई गई शर्तों को हटाने व अन्य मांगों को लेकर भी कुछ निर्णय नहीं निकला। उनका कहना है कि ये सभी मांगें सरकार के स्तर की हैं। सरकार ही इन पर विचार करेगी।
वहीं बैठक में मौजूद हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर्स संयुक्त संघर्ष मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य देवेंद्र सिंह हुड्डा का आरोप है कि मैनेजमेंट बिजली मंत्री अनिल विज द्वारा मोर्चा के साथ हुई बैठक में दिए आश्वासन से भी पीछे हट रही है। इसलिए कर्मचारियों के पास तीन दिवसीय हड़ताल पर जाने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा है।



