PBL सीजन 1 का समापन, मध्य महा योद्धा बनी विजेता
Madhya Maha Yoddhas is the winner of PBL Season 1
दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में पिछले चार दिनों से चल रहे प्रो बॉक्सिंग लीग (PBL) 2026 का समापन बेहद भव्य अंदाज में किया गया। इस मुकाबले के फाइनल में मध्य महा योद्धा की टीम ने जीत हासिल करते हुए पहला स्थान हासिल किया। इस खास मौके पर इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (IABF) के प्रेजिडेंट डॉक्टर राकेश मिश्रा खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने पहुंचे। इस अवसर पर भाजपा नेता शहनवाज हुसैन, ब्रजेश पाठक भी पहुंचे।
इस लीग के अंतिम दिन तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए दर्शकों की भीड़ भी देखी गई। वहीं इस लीग में देशभर से आए खिलाड़ियों को चार टीमों में बांटा गया था। यहां इस्टर्न टाइगर्स (Eastern Tigers), पंजाब फाइटर्स (Punjab Fighters), आंध्रा वॉरियर्स (Andhra Warriors) और मध्य महा योद्धा (Madhya Maha Yoddhas) के खिलाड़ी अलग-अलग भार वर्ग में मुक्केबाजी करते दिखे।
इस लीग के ग्रांड फिनाले में कई स्कूली बच्चों ने डांस परफॉर्मेंस से समा बांध दिया। वहीं लीग के कर्ता-धर्ता रहे डॉक्टर राकेश मिश्रा ने कई मौके पर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि वो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ओलंपिक को लेकर देखे गए सपने को साकार करने की पूरी कोशिश लगातार करते रहेंगे। इस फिनाले में जीत हासिल करने वाली महिला खिलाड़ियों को स्कूटी और पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। वहीं पुरुष खिलाड़ियों को बाइक और पुरस्कार राशि दी गई। यही नहीं इस खेल में हारने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रोत्साहन राशि भी दी गई।



