Yashasvi Jaiswal और Shafali Verma पर गिरी NADA की गाज, डोपिंग टेस्ट से जुड़ा है मामला
NADA issues notice to Yashasvi Jaiswal and Shafali Verma
भारतीय युवा क्रिकेटर यशस्वी जैसवाल (Yashasvi Jaiswal) और शैफाली वर्मा (Shafali Verma) चर्चा में आ गए हैं। इसकी वजह राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (NADA) द्वारा दोनों खिलाड़ियों पर नियम उलंघन के तहत नोटिस जारी किया जाना है। दोनों को ‘वेयरअबाउट्स फेल्योर’ नियम के तहत तलब किया गया है। ये मामला सीधे डोपिंग से जुड़ा नहीं है, लेकिन एंटी-डोपिंग नियमों के पालन को लेकर गंभीर माना जा रहा है। इस वजह से मुद्दा चर्चा में आ गया है।

नियमों के अनुसार, RTP यानी Registered Testing Pool में शामिल खिलाड़ियों को पहले से अपनी लोकेशन और तय समय की जानकारी देनी होती है, ताकि डोपिंग कंट्रोल अधिकारी अचानक पहुंचकर उनका सैंपल ले सकें। इस पूल में यशस्वी और शैफाली दोनों का ही नाम है और रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों खिलाड़ी तय समय और अपनी बताई लोकेशन पर मौजूद नहीं पाए गए, जिसके बाद NADA ने दोनों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
खबरों की मानें तो ये इन दोनों का पहला ‘मिस्ड टेस्ट’ है और उन्हें अपना पक्ष रखने का पूरा मौका दिया गया है। एंटी-डोपिंग नियमों के अनुसार, 12 महीनों में तीन बार ऐसी गलती होने पर खिलाड़ी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हो सकती है। बता दें यशस्वी और शैफाली दोनों ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए खेलते हैं और देश के बेहतरीन युवा खिलाड़ियों में से एक हैं।

रिपोर्ट्स की मानें तो डोपिंग अधिकारी पिछले साल 17 दिसंबर को यशस्वी और 7 नवंबर को शैफाली का टेस्ट करने पहुंचे थे, लेकिन दोनों अपनी बताई जगह पर नहीं थे। नाडा ने इस साल 18 और 20 फरवरी को दोनों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था लेकिन दोनों ने अबतक इसका जवाब नहीं दिया है। दोनों को इसका जवाब देने के लिए 7 दिन का समय दिया गया है। नाडा ने खिलाड़ियों के मिस्ड टेस्ट की जानकारी बीसीसीआई और आईसीसी को भी दी है।



