News

Lucknow ASI Suicide: गर्लफ्रेंड ने किया शादी से इनकार, दारोगा ने दे दी जान

Lucknow ASI Satyendra Verma committed suicide

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ (Lucknow) से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 34 वर्षीय ASI ने अपने कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है। घटना के बाद पूरे महकमे में हडकंप मच गया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को जांच में 4 पन्नों का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें जीने की इच्छा समाप्त होने की बात कही गई है।

बता दें सत्येंद्र वर्मा (Satyendra Verma) दरोगा होने के साथ-साथ सिविल सर्विसेस परीक्षा की तैयारी भी कर रहे थे। दो दिन से वो अपनी मां का कॉल नहीं उठा रहे थे। इस बात से परिवार काफी परेशान था। इसकी जानकारी उनके चचेरे भाई देवेंद्र वर्मा को दी गई। वो भाई के कमरे पर पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका में उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़ा गया तो सत्येंद्र को फंदे से लटका हुआ पाया गया।

शुक्रवार का ये मामला सुशांत गोल्फ सिटी के अहिमामऊ का है। दरोगा मूलरूप से फतेहपुर के तामेश्वर नगर के रहने वाले थे। ASI सत्येंद्र वर्मा के परिजनों ने गर्लफ्रेंड पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला कि दरोगा की डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम पर युवती से मुलाकात हुई थी। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन बाद में ब्रेकअप हो गया था। ब्रेकअप की वजह लड़की के परिजनों का शादी के खिलाफ होना था। जिसके बाद से दरोगा तनाव में थे। मां ने गर्लफ्रेंड पर पैसों के लिए परेशान करने का आरोप लगाया। पुलिस परिजन के आरोपों की भी जांच कर रही है।

सत्येंद्र के कमरे से बरामद किए गए 4 पन्नों के सुसाइड नोट में मृतक ने इस कृत्य का जिम्मेदार खुद को ठहराया है। लेटर में आत्महत्या के लिए किसी को दोषी नहीं ठहराया है। पुलिस के मुताबिक नोट में लिखा गया है कि वो कुछ दिनों से किसी बात को लेकर तनाव में थे। उन्होंने सबसे माफी मांगी है। इस नोट में उन्होंने साल 2014 में काफी परेशान होने की बात भी लिखी है, जिसकी जानकारी परिजनों को है। उस समय उन्होंने आत्महत्या के बारे में नहीं सोचा था लेकिन अब जीने की इच्छा खत्म हो गई है।

ASI सत्येंद्र वर्मा, 2023 में एएसआई (एम) के पद पर भर्ती हुए थे। लखनऊ पुलिस मुख्यालय में उनकी तैनाती 25 मार्च, 2024 को पासिंग आउट परेड के बाद की गई थी। सत्येंद्र लखनऊ के अहिमामऊ में किराए के कमरे में रहते थे। मां सुखरानी के अनुसार, सत्येंद्र के पिता की मौत 2011 में हुई थी। वे राजस्व विभाग में कानूनगो पद से रिटायर हुए थे। सत्येंद्र की तीन बहनें संध्या, मधु और नेहा वर्मा हैं। सत्येंद्र तीसरे नंबर पर थे। वह घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button