Korfball Premier League Winner: Dilli Dhurandhars ने जीता KPL का खिताब
Korfball Premier League Winner: कोर्फबॉल प्रीमियर लीग का खिताब दिल्ली धुरंधर्स (Dilli Dhurandhars) ने अपने नाम कर लिया। इस लीग के फाइनल मुकाबले में Dilli Dhurandhars का सामना दंगल वॉरियर्स (Dangal Warriors) से था। इस मुकाबले में दिल्ली ने शनादार प्रदर्शन करते हुए 17-15 से ट्रॉफी और 25 लाख की इनामी राशि अपने नाम की।
रविवार 4 अक्टूबर को दिल्ली के त्यागराज इनडोर स्टेडियम (Tyagraj Stadium) में खेले गए इस मुकाबले को लेकर लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिला। इस लीग में दिल्ली धुरंधर्स अपने बेहतरीन खेल के दम पर लोगों की चहेती टीम बनती दिखी। KPL में दिल्ली धुरंधर्स का दबदबा शुरुआत से ही देखने को मिला है। इस लीग में दिल्ली की टीम लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करती नजर आई हैं। ऐसा ही कुछ फिनाले में भी देखने को मिला। बैक-टू-बैक किए 17 गोल्स के दम पर Dilli Dhurandhars ने भारत की पहली कोर्फबॉल प्रीमियर लीग की ट्रॉफी पर कब्जा किया।
फाइनल मुकाबला जीतने के बाद Dilli Dhurandhars के खेमे में जश्न का माहौल देखने को मिला। खिलाड़ी कोर्ट में झूमते, नाचते और गाते नजर आए। खिलाड़ियों ने Dangal Warriors की टीम के साथ अपनी जर्सी एक्सचेंज की। टीम के सभी सदस्य विनिंग ट्रॉफी के साथ पोज देते नजर आए। स्टेडियम में जीत का माहौल देखते बन रहा था।
बता दें कोर्फबॉल एक मिक्स्ड जेंडर स्पोर्ट है। ये खेल विदेशों में खासा पॉपुलर है लेकिन भारत में ये लीग के तौर पर पहली बार खेला गया है। इस खेल की खासियत ये है कि इसमें एक टीम में कुल आठ सदस्य होते हैं जिसमें से चार लड़के और चार लड़कियां खिलाड़ी के तौर पर खेलते नजर आते हैं। नया खेल नई सोच थीम के साथ भारत में शुरू हुए इस टूर्नामेंट को 19 सितंबर से शुरू किया गया था। वहीं 4 अक्टूबर को इवेंट का ग्रांड फिनाले रखा गया, जिसकी विजेता दिल्ली धुरंधर्स बनी।



