News

Kanpur: कानपुर सेंट्रल से गुजरने वाली 17 ट्रेनों का बदला रूट, झांसी का ट्रैक निर्माण है वजह

कानपुर (Kanpur) सेंट्रल से होकर गुजरने वाली 17 ट्रेनों के रूट को बदला गया है। इसकी वजह झांसी (jhansi) में हो रहे ट्रैक का निर्माण कार्य है। झांसी स्टेशन पर 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक गिट्टी रहित ट्रैक का निर्माण कार्य हो रहा है, जिसकी वजह से कुछ ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। वहीं कुछ समय सीमा के लिए चार ट्रेनों को रद्द भी किया गया है।

झांसी में 40 दिन चलने वाले इस कार्य के कारण कानपुर सेंट्रल से होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों की आवाजाही पर असर होने वाला है। यहां ट्रेनों के रूट के बदलने के साथ-साथ कुछ ट्रेनों को रद्द भी किया गया है। इसकी जानकारी उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने दी है।

जनसंपर्क अधिकारी के मुताबिक मार्ग परिवर्तन के कारण कानपुर से चलने वाली उद्योग नगरी सुपरफास्ट, सीतापुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुपरफास्ट, उद्योगकर्मी सुपरफास्ट व पुणे-लखनऊ एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को झांसी के बजाय हमीरपुर रोड-ओहन-जबलपुर मध्यप्रदेश होकर चलाया जाएगा। ग्वालियर और बीना के बीच चलने वाली कई ट्रेनों को भी गुना-रुठियाई के रास्ते निकाला जाएगा।

इन ट्रेनों का बदलेगा रूट

इन ट्रेनों का बदलेगा रास्ता12174 उद्योग नगरी सुपरफास्ट और 12108 सीतापुर-एलटीटी सुपरफास्ट कानपुर सेंट्रल से झांसी के बजाय हमीरपुर रोड-ओहन-जबलपुर होकर इटारसी जाएंगी। 22583 अंत्योदय सुपरफास्ट गोविंदपुरी से कानपुर सेंट्रल होते हुए हमीरपुर रोड-ओहन-जबलपुर के रास्ते चलेगी। 12590 चर्लापल्ली-गोरखपुर, 11407 पुणे-लखनऊ और 12944 उद्योगकर्मी सुपरफास्ट भी झांसी के बजाय वैकल्पिक मार्ग से निकाली जाएंगी। 11123 ग्वालियर-बरौनी मेल और 11124 बरौनी-ग्वालियर मेल झांसी की जगह इटावा होकर चलेगी। इसी तरह, 11109 झांसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक झांसी से निर्धारित समय से 30 मिनट देर से रवाना होगी।

ये ट्रेने रहेंगी रद्द

इस दौरान 05073 केएसआर बेंगलुरु-लालकुआं 24 नवंबर से 29 दिसंबर तक रद्द रहेगी। 05074 लालकुआं-केएसआर बेंगलुरु 21 नवंबर से 26 दिसंबर तक रद्द रहेगी। 07075 हैदराबाद-गोरखपुर 20 नवंबर से 25 दिसंबर तक रद्द रहेगी और 07076 गोरखपुर-हैदराबाद 22 नवंबर से 27 दिसंबर तक रद्द रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button