Lucknow: बैंक कर्मी ने पहले पत्नी फिर बहन को मारी गोली, बाद में खुद को भी किया शूट, मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की राजधानी लखनऊ (Lucknow) में डबल मर्डर और सुसाइड के मामले से हड़कंप मच गया है। गुरुवार दोपहर की इस दिल दहला देने वाली घटना में एक बैंक कर्मी ने पहले अपनी पत्नी को गोली मारी उसके बाद वो घर गया और उसने अपनी बहन की भी गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में युवक ने खुद को शूट कर खुदकुशी कर ली।

मामला लखनऊ के गोमतीनगर (Gomtinagar) का है। यहां गुरुवार दोपहर आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत दिव्या मिश्रा की उसके पति मानस बाजपेयी ने गोली मारकर हत्या कर दी। दिव्या मिश्रा आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर थी। वहीं, पति मानस भारतीय स्टेट बैंक में अकाउंटेंट था। मानस ने दिव्या की हत्या के बाद अपनी बहन की भी गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस हत्याकांड में अभी वजह का खुलासा नहीं हुआ है।
जानकारी अनुसार गुरुवार सुबह दिव्या मिश्रा अपने ऑफिस के लिए निकली थीं। दोपहर में मानस अपनी कार से गोमती नगर में आईसीआईसीआई बैंक के बाहर पहुंचा और फोन कर दिव्या को बाहर बुलाया। कुछ देर दोनों के बीच बातचीत हुई और इसके बाद मानस ने दिव्या को गोली मार दी। इसके बाद वो घर पहुंचा और वहां अपनी बहन तूलिका (28) को भी गोली मार दी। बाद में मानस ने अपने व्हाट्सऐप पर स्टेटस लगाया और खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली चलने की आवाज सुनकर बैंक कर्मचारी और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। बताया जा रहा है कि मानस के हाथ में दो पिस्तौल देखी गईं थीं। गोली लगने के तुरंत बाद दिव्या मिश्रा को नजदीक के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिव्या मिश्रा और मानस ने करीब 12 साल पहले एक-दूसरे से शादी की थी। हालांकि दोनों का कोई बच्चा नहीं था। मानस एसबीआई की जानकी पुरम ब्रांच में अकाउंटेंट था। वहीं दिव्या की बहन चर्चित पत्रकार और यूट्यूबर हैं प्रज्ञा मिश्रा हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर इस घटना की जानकारी साझा की थी। मानस ने लिखा, पत्नी को मार डाला अब खुद को मारूंगा। बता दें इस हत्याकांड के बाद पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।



