Bemetara Mid Day Meal: खाने में फिनाइल की गंध, स्कूल में मचा हड़कंप
नालंदा के एक स्कूल के मिड डे मील (Mid Day Meal) में नमक के बदले सर्फ डालने की घटना के 24 घंटे भी नहीं हुए और मिड डे मील का एक नया मामला सामने आ गया है। ये मामला छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के बेमेतरा (Bemetara Mid Day Meal) का है। यहां मिड डे मील में फिनाइल (डामर) की गोली मिलने की बात सामने आई है, जिसकी वजह से स्कूल के बच्चों को अस्पताल भर्ती करवाया गया है।
ताजा मामला बेमेतरा (Bemetara) के स्वामी आत्मानंद (Swami Atmanand School) उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल का है। यहां मिड डे मील के दौरान चावल में गंध आने से हड़कंप मच गया। यहां स्कूल के मिड डे मील के खाने में फिनाइल की गंध आने की शिकायत की गई, जिसके बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
इस मामले में स्कूल के शिक्षक रामेश्वर बंजारे ने बताया कि रोजाना की तरह खाना बनाया गया था। बच्चों को खाना परोसने से पहले रसोइया सावन मानिकपुरी ने भोजन चखा था और उस समय सब सामान्य था। खाने में किसी भी प्रकार की दुर्गंध नहीं थी। उन्होंने आगे कहा कि, हर रोज की तरह पहले छठी कक्षा के बच्चों ने खाना खाया। करीब 26 थालियां लगाई गई थीं। इसके बाद सातवीं कक्षा के बच्चों की बारी आई, तब उन्होंने खाने में दुर्गंध की बात कही। बच्चों को चावल में फिनाइल गोली जैसी गंध आ रही थी। रसोइया को दोबारा पूछा गया तो उसने भी कहा कि डामर की गोली की दुर्गंध आ रही है। फिर बच्चों को जिला अस्पताल ले जाया गया।
इस मामले में खाना खा चुके छठी क्लास के 26 बच्चों में से किसी को कोई दिक्कत महसूस नहीं हुई लेकिन स्कूल प्रशासन ऐहतियात के तौर पर उन्हें जांच के लिए जिला अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने जांच कर सब सामान्य बताया। वहीं स्कूल प्रशासन ने जांच के बाद बताया कि स्कूल में एक अन्य कर्मचारी के साथ एक डेढ़ साल की बच्ची आती है, जिसने खेलते हुए चावल की बोरी में कुछ डाल दिया था, जिसके बाद चावलों में दुर्गंध आने लगी।



