News

Food Poisoning: एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, सबने खाया था तरबूज

Four members of the same family died after eating watermelon.

मुंबई (Mumbai) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई है। चारों की मौत की वजह फूड प्वाइजनिंग (Food Poisoning) को बताया जा रहा है। चारों ने पहले बिरयानी खाई थी और उसके बाद तरबूज खाया था, जिसके बाद चारों की तबीयत बिगड़ गई। सबको अस्पताल भर्ती करवाया गया, जहां सबने दम तोड़ दिया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

ये घटना मुंबई के पायधुनी इलाके की बताई जा रही है। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतकों में 40 वर्षीय पति, 35 वर्षीय पत्नी और उनकी दो बेटियां, जिनकी उम्र 16 और 13 साल थी। मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया, उनकी पत्नी नसरीन डोकाडिया और उनकी बेटियों आयशा और जैनब के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ये मामला फूड प्वाइजनिंग से जुड़ा हो सकता है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अब तक मिली जानकारी के अनुसार परिवार ने 25 अप्रैल की रात अपने घर पर कुछ रिश्तेदारों को बुलाया था। कुल 9 लोगों ने रात करीब साढ़े 10 बजे खाने में बिरयानी खाई। इसके बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर चले गए। बाद में करीब रात 1 बजे परिवार के चारों सदस्यों ने तरबूज खाया। इसके कुछ घंटों बाद ही उनकी तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई। 26 अप्रैल की सुबह करीब साढ़े 5 से 6 बजे के बीच चारों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी।

बिगड़ती तबीयत को देखते हुए परिवार के सदस्यों को तुरंत नजदीक के साबू सिद्दीक अस्पताल ले जाया गया। वहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जेजे अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन एक-एक कर सभी की मौत हो गई। इलाज के दौरान सबसे पहले 13 साल की छोटी बेटी जैनब की सुबह करीब सवा 10 बजे मौत हुई। बाद में एक-एक कर बाकी तीनों ने भी एक ही दिन दम तोड़ दिया।

इस घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इस फूड प्वाइजनिंग (Food Poisoning) की घटना माना गया है। हालांकि अभी पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button