Sitapur Love Triangle: एक ही छत के नीचे पति और प्रेमी संग रहना चाहती है महिला, पुलिस भी हैरान
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के सीतापुर (Sitapur) से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला अपने पति और प्रेमी (Sitapur Love Triangle) के साथ एक ही छत के नीचे रहना चाहती है। वो पति और प्रेमी के साथ थाने पहुंची और उसने पुलिस से मदद की गुहार लगाई। महिला की अनोखी डिमांड की वजह से पुलिस प्रशासन भी हैरान और परेशान दिखा।

ये मामला सीतापुर के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र का है। यहां महिला अपने पति और प्रेमी के साथ रहना चाहती है। इतना ही नहीं महिला थाने में पति और प्रेमी के साथ पहुंची, जिसके बाद पुलिस उनकी काउंसलिंग करती दिखी लेकिन तीनों ही जिद पर अड़े हैं और तीनों एक ही छत के नीचे साथ में रहना चाहते हैं। लेकिन ये रिश्ता परिवारवालों को मंजूर नहीं है। इसी वजह से तीनों साथ में थाने पहुंचे। इस मामले में थाने पहुंची महिला ने पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा है। जिसमें उसने कहा है कि उसकी दो ननद और ससुर इस रिश्ते के खिलाफ हैं। उसने परिवार से सुरक्षा और मामले में मदद की मांग की है।
महिला ने बताया कि वो दोनों से प्यार करती है और दोनों के नाम का सिंदूर अपनी मांग में भरती है। इसलिए उसे दोनों के साथ रहने दिया जाए। महिला ने पुलिस को अपना ‘ड्यूटी शेड्यूल’ भी समझाया। उसके मुताबिक, पति दिन में ड्यूटी पर जाएंगे तो प्रेमी उसके साथ रहेगा और प्रेमी रात में ड्यूटी करेगा तो पति उसके साथ रहेगा। इस अजीबोगरीब मामले को सुनकर दरोगा भी हैरान रह गए। उन्होंने कहा कि करीब 10 साल की नौकरी में ऐसा मामला पहली बार सामने आया है।
इस मामले में महिला ने खुद बताया कि उसका पति और उसका प्रेमी दोनों छोटे और बड़े भाई की तरह रहते थे। युवक महिला के पति के पास आता-जाता था। वो दोनों साथ में खाना खाते थे। कई बार युवक महिला के घर पर रुक जाता था। इसी दौरान महिला और युवक के बीच नजदीकियां बढ़ गई। गौरतलब है कि अंजू अपने पति शुभम के साथ-साथ प्रेमी नितिन के साथ भी रहने की बात पर अड़ी हुई है।
वहीं, शुभम भी अपनी पत्नी अंजू और नितिन दोनों का साथ छोड़ने के लिए तैयार नहीं है। शुभम (पति) का कहना है कि वो दोनों के साथ रहना चाहता है और इसके लिए जरूरत पड़ने पर अपना घर छोड़ने को भी तैयार है। बता दें दंपति के दो बच्चे हैं और उन्हें भी अपने साथ रखने की बात कह रहे हैं।



