Kanpur Murder: पिता ने की जुड़वा बेटियों की हत्या, पत्नी ने किए चौंकाने वाले खुलासे
Kanpur Murder father kills twin daughters
उत्तर प्रदेश के कानपुर (Kanpur) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही जुड़वा बेटियों की गला रेंतकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद पुलिस को कॉल कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। वहीं इस पूरे मामले में बच्चियों की मां ने चौंका देने वाले खुलासे किए हैं।

मामला Kanpur के नौबस्ता क्षेत्र के किदवईनगर इलाके में स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट का है। यहां रविवार तड़के एक पिता ने अपनी ही जुड़वा बेटियों की जान ले ली। जिसके बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक बच्चियों का नाम रद्धि और सिद्धि है। दोनों की उम्र करीब 11 साल थी और दोनों बच्चियां मदर टेरेसा मिशन हाईस्कूल में पांचवीं कक्षा की छात्रा थीं। बच्चियों के पिता का नाम शशि रंजन मिश्रा है, वो दवा कारोबारी हैं।

गला रेंतकर जुड़वां बेटियों की बेरहमी से हत्या करने की सूचना पुलिस को रविवार सुबह करीब 4:30 बजे यूपी-112 पर मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को घर के अंदर दोनों बच्चियों के शव मिले। उनके गले पर गहरे जख्म के निशान पाए गए, जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस शुरुआती जांच में इस जघन्य अपराध के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि दोनों बच्चियों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक वारदात करीब 2 से 2.30 बजे के बीच की है। मौके से एक स्टील का चापड़ बरामद हुआ है, जिसे हत्या के लिए इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। पिता ने हत्या की बात कबूली है।
परिवार में पिता और दोनों बेटियों के अलावा बच्चियों की मां रेशमा क्षेत्री और छह साल का बेटा रुद्रव भी है। घटना के समय बेटा अपनी मां के साथ दूसरे कमरे में सो रहा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने रेशमा को जगाया तब उसे इस निर्मम घटना का पता चला।
वहीं जांच के दौरान बच्चियों की मां ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। रेशमा ने बताया कि दोनों ने करीब 12 साल पहले लव मैरिज की थी। इसके बाद से शशि रंजन नशे में धुत्त पत्नी को पीटा करता था। वो बेटियों को लेकर अलग कमरे में सोता था। वहीं रेशमा को बेटे के साथ दूसरे कमरे में सोने को कहता था। रेशमा ने बताया कि पति अक्सर कहता था कि तुम बेटे को लेकर चली जाओ मैं मेरी बेटियों के साथ रहूंगा। इस पूरे मामले में पत्नी ने पति को फांसी देने की मांग की है।



