Iqra Hasan House Arrest: सपा सांसद इकरा हसन को किया हाउस अरेस्ट, मस्जिद पर चलाया बुलडोजर
कैराना (Kairana) की सांसद इकरा हसन (Iqra Hasan) को सहारनपुर (Saharanpur) जाने से पहले उनके आवास पर हाउस अरेस्ट (Iqra Hasan House Arrest) किया गया है। सपा सांसद के मुताबिक, सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण को लेकर अधिकारियों से मिलने और जनता की आवाज उठाने के लिए सहारनपुर जाना चाहती थीं। इसी दौरान उनके आवास पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा और उन्हें बाहर जाने से रोक दिया गया। इकरा हसन ने कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
सहारनपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में 70 साल पुरानी मस्जिद पर बुलडोजर चलाए जाने की घटना ने राजनीतिक मोड़ ले लिया है। इसी के तहत समाजवादी पार्टी की नेता इकरा हसन को पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट (Iqra Hasan House Arrest) कर लिया गया। वहीं जब उन्होंने इस कार्रवाई के बारे में और निर्देशों के बारे में पूछना चाहा तो पुलिस टाल-मटोल करती दिखी। इकरा हसन के घर के बाहर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने इकरा को सहारनपुर जाने से रोका और कहा कि हम निवेदन कर रहे हैं।
इकरा हसन और पुलिस अधिकारी के बीच बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में इकरा हसन की गाड़ी को पुलिस ने घर से बाहर निकलने से पहले ही रोक लिया। वहीं जब इकरा ने इसके पीछे की वजह जाननी चाही तो पुलिस ने कहा कि जन्माष्टमी का मौका है ऐसे में हम आपको बाहर नहीं जाने देना चाहते हैं। इकरा ने कहा कि मैंने कुछ गलत किया हो, कोई अपराध किया हो तो बताइए। कोई वजह तो बताइए। आप ऐसे क्यों रोक रहे हैं मुझे। इसके आगे उन्होंने कहा मैंने कुछ गलत तो नहीं कर रही हूं और क्या पता मैं जन्माष्टमी के अवसर पर ही किसी कार्यक्रम का हिस्सा बनने जा रही हूं।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने हंसते हुए इकरा को वंहा से जाने से रोका और कहा कि हम बस निवेदन कर रहे हैं। इकरा ने कहा मैं आपका निवेदन अस्वीकार करती हूं। क्योंकि आप तो आदेश नहीं निवेदन कर रहे हैं। इस पर पुलिस ने कहा नहीं आप ऐसा नहीं कर सकती हैं। इस बीच इकरा हसन की मां भी दरवाजे पर आ पहुंचीं और उन्होंने भी पुलिस से बातचीत की। उन्होंने कहा जब कोई घटना होती है तब तो आप लोग मौजूद नहीं रहते हैं ऐसे आप लोग आ जाते हैं।
बता दें सहारनपुर कलेक्ट्रेट में मौजूद 70 साल पुरानी मस्जिद को गिराए जाने का काम चल रहा है। शनिवार तड़के 4 बजे से 6 बुलडोजर मस्जिद को तोड़ने में जुटे हैं। एक हिस्सा गिराया जा चुका है। एहतियात के तौर पर 5 कंपनी PAC, RAF और पुलिस के 200 जवान तैनात हैं। पुलिस किसी को मस्जिद के पास जाने नहीं दे रही है।
बता दें शुक्रवार रात 11 बजे खबर फैली की मस्जिद को तोड़ने का काम शुरू हो रहा है। ऐसे में भारी भीड़ वहां जुट गई जिसे प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंच कर हटाया। इसी कार्रवाई के खिलाफ सहारनपुर आ रहीं कैराना सांसद इकरा हसन को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया।



