मुंबई में मेट्रो (Mumbai Metro) का पिलर गिरने से एक व्यक्ति की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर है। ये दर्दनाक हादसा मुंबई के मुलुंड (पश्चिम) इलाके में शनिवार दोपहर हुआ। यहां मेट्रो निर्माण (Metro Pillar Collapsed) के कार्य के दौरान मेट्रो पिलर के सीमेंट का एक हिस्सा अचानक टूट गया और नीचे से गुजर रहे ऑटो रिक्शा और एक कार पर जा गिरा।
ये घटना जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास की बताई जा रही है। यहां LBS रोड, मुलुंड के पास मेट्रो पिलर का एक हिस्सा गिर गया। निर्माण के दौरान सीमेंट मेट्रो पिलर का हिस्सा टूटकर ऑटो रिक्शा पर गिरा। हादसे के तुरंत बाद मुंबई फायर ब्रेगेड, पुलिस, मेट्रो स्टाफ और 108 एम्बुलेंस सेवा मौके पर पुहंची और बचाव कार्य में जुटी।
इस घटना के बाद के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से सामने आए हैं, जिनमें पुलिस कर्मी कड़ी मशक्कत के बाद ऑटो और कार के मलबे को सीमेंट पीलर से अलग करने में सफल रहे। इस दौरान पुलिस ने ट्रैफिक डॉयर्ट कर घटनास्थल पर काम किया। इस घटना में ऑटो रिक्शा तो पूरी तरह से बर्बाद हो गया लेकिन कार का आगे का हिस्सा खराब हुआ है, जिसे क्रेन की मदद से घटनास्थल से हटाया गया। जानकारी के मुताबिक घटना में घायल हुए एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।



