Telangana: बुजुर्ग मां-बाप की देखभाल नहीं करने पर कटेगी सैलरी
Telangana: Salary deducted for not taking care of elderly parents
अक्सर देखा गया है जो मां-बाप बच्चों को पालने में अपनी पूरी जिंदगी लगा देते हैं, वही बच्चे बड़े होकर अपने मां-बाप की अनदेखी करते हैं। ऐसे मामलों को बढ़ता देख अब तेलंगाना (Telangana) एक बड़ा कदम लेने जा रही है। तेलंगाना सरकार मां-बाप की देखभाल से जुड़ा एक नया कानून लाने की तैयारी में है। इस कानून के तहत अपने बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल ना करने वाले सरकारी कर्मचारियों की सैलरी में कटौती की जाएगी। इसकी जानकारी खुद तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने दी। उन्होंने बताया कि सरकार अगले बजट सत्र में ये विधेयक पेश करेगी।
गुरुवार को सीएम रेड्डी ने नव नियुक्त ग्रुप-1 और ग्रुप-2 अधिकारियों के लिए एक ट्रेनिंग प्रोग्राम के समापन सत्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सबको इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने वहां मौजूद नए अधिकारियों से कहा, ‘युवा अधिकारियों को अपने माता-पिता के बलिदानों के कारण ये प्रतिष्ठित नौकरियां मिली हैं, और उन्हें अपने माता-पिता का उचित ख्याल रखना चाहिए।’
रेवंत रेड्डी ने आगे कहा, ‘आगामी विधानसभा सत्र में, हम अपने माता-पिता की देखभाल करने में नाकाम होने वाले लोगों की सैलरी का 10-15 प्रतिशत काटकर, उनके माता-पिता के अकाउंट्स में जमा करने की योजना बना रहे हैं’। बता दें रेवंत रेड्डी के इस प्रस्ताव को काफी तारीफ मिल रही है।



