Bird Flu Virus: Jharkhand में बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी है। रांची के पोल्ट्री फार्म में करीब 2 हजार मुर्गियों को मारा गया और 1700 अंडे नष्ट किए गए हैं।
Bird Flu Virus: दक्षिण भारत के बाद अब झारखंड (Jharkhand) में बर्ड फ्लू (Bird Flu) ने दस्तक दे दी है। यहां राजधानी रांची (Ranchi) के होटवार स्थित कुक्कुट प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू फैल गया है। झारखंड में बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं इसे रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाने शुरू हो गए हैं। यहां मुर्गे बेचने और खरीदने पर रोक लगा दी गई है।

इलाके में मुर्गियों के मरने की घटना के बाद बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए आइसीएआर-एनआइएचएसएडी भोपाल में सैंपल की जांच की गई है। वहां H5N1 वायरस की पुष्टि हुई है। Avian influenza की जांच के बाद रांची की पॉल्ट्री फार्म में 2 हजार से ज्यादा मुर्गियों को मारा जा चुका है। वहीं 1700 के करीब अंडे भी नष्ट किए गए हैं। यहां मुर्गियों को खरीदने और बेचने पर रोक लगा दी गई है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन की ओर से एक्शन प्लान के तहत रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है। बता दें कुछ दिन पहले ही केरल में बर्ड फ्लू के मामले सामने आए थे।
 
				 
					