Karan Aujla Auto Rickshaw: जब करण औजला ने भरे ऑटो ड्राइवर्स के पैंडिंग चालान, Video
When Karan Aujla paid pending challans of auto drivers, Video
अपने बेहतरीन गानों के दम पर लोगों के दिलों पर राज करने वाले फेमस पंजाबी सिंगर करण औजला (Karan Aujla) ने एक बार फिर लोगों का दिल जीत लिया। उन्होंने कुछ ऐसा किया कि लोग उनका फैन होने से खुद को रोक नहीं सके। दरअसल करण औजला ने दिलदारी दिखाते हुए ऑटो रिक्शा ड्राइवर के पैंडिंग चालान तुरंत भरे। अब उनका Video सोशल मीडिया पर खूब चर्चा लूट रहा है।

पंजाबी सुपरस्टार करण औजला अपने कॉन्सर्ट के लिए इन दिनों भारत में हैं। इस बीच करण देश के बड़े-बड़े शहरों में कॉन्सर्ट करते नजर आने वाले हैं। वो यहां P-POP Culture को प्रमोट करने वाले हैं। कॉन्सर्ट में लाखों लोगों के बीच परफॉर्म करने वाले करण औजला को हाल ही में महंगी गाड़ी से नहीं बल्कि ऑटो रिक्शा की सवारी करते हुए देखा गया। इस दौरान वो रिक्शा ड्राइवर के पैंडिंग चालान भरते नजर आए।
सामने आए वीडियो में करण ऑटो रिक्शा में पीछे बैठे नजर आते हैं। वो मुंबई की सड़कों पर ऑटो से सैर करने निकले थे। इस दौरान उनके ऑटो को पुलिस रोक लेती है। करण बताते हैं कि पुलिस ने उनको रोक लिया है क्योंकि ऑटो रिक्शा ड्राइवर पर 17 हजार रुपये का फाइन है। इसके बाद करण सीधे अपने दोस्त से कहते हैं कि भाई इसका चालान तुम दे दो। वो पुलिस से चालान देने की बात कहकर उसकी पेमेंट करने लगता है कि करण के पास खड़ा एक और ऑटो ड्राइवर आता है और करण औजला से कहता है कि मेरा भी चालान भर दो। इस पर करण कहते हैं कि तुम्हारा कितना चालान है। ड्राइवर बताता है कि आप पांच हजार भर दो। करण बिना सोचे तुरंत दूसरे ड्राइवर का भी चालान भरने के लिए अपने साथी से कहते नजर आते हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि करण और उनकी टीम ऑटो रिक्शा ड्राइवर के पैंडिंग चालान भरते हैं और खास बात ये है कि उन्हें कोई पहचानता नहीं है। बाद में एक लड़का और लड़की उन्हें पहचान कर उनके पास फोटो खिचवाने आते हैं। तब करण ड्राइवर को बताता है कि मैं करण हूं। वो सुनते ही पहचान जाता है और गले लगाता है। इसके बाद करण औजला ड्राइवर को दोबारा चालान नहीं करने की सलाह देते दिखते हैं। चलते-चलते सिंगर कहता है कि अचानक से मैं शहर में सबका पसंदीदा हो गया हूं।

बता दें करण औजला के इस वीडियो को फैन्स काफी पसंद कर रहे हैं। हर कोई उनके दरियादिली की तारीफ करता दिख रहा है। लोग कह रहे हैं कि पैसे तो सब कमाते हैं लेकिन करण जैसा कोई नहीं। वहीं एक फैन ने लिखा, भाई एक दिल कितनी बार जीतोगे। बता दें करण औजला इन दिनों दुनियाभर में भारत के पंजाबी कलचर को P-POP Culture के नाम से प्रमोट कर रहे हैं। दिल्ली के बाद करण का अगला कॉन्सर्ट मुंबई में होना है।



