UP Board Exam 2026: बोर्ड परीक्षा 2026 में 24 घंटे होगी कमरों की निगरानी
UP Board Exam 2026: बोर्ड परीक्षा 2026 में 24 घंटे होगी कमरों की निगरानी
UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 (UP Board Exam) को लेकर राज्य ने कड़े दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इस बार के लिए राज्य स्तरीय कमांड एवं कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है, जिसके जरिए 8033 परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रूमों की 24 घंटे निगरानी की जाएगी। परीक्षा केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर को कंट्रोल सेंटर से जोड़ा जा रहा है मंडलवार निगरानी के लिए कर्मचारियों और अधिकारियों की तैनाती की गई है, जबकि अपर सचिव (प्रशासन) को इस कंट्रोल सेंटर का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
परीक्षा को लेकर सभी जिलों में प्रश्नपत्र पहुंचने शुरू हो चुके हैं, इन प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में रखवाया गया है। इन्हें 24 घंटे निगरानी में रखा गया है, जिसकी जिम्मेदारी मजिस्ट्रेट को सौंपी गई है। सभी स्ट्रॉन्ग रूम में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। कंट्रोल रूम से भी इनकी निगरानी रखी जाएगी जिससे प्रश्नपत्रों के साथ छेड़छाड़ ना किया जा सके।
बोर्ड परीक्षा को लेकर राज्य में सभी जिले चौकस हैं और उन्हें कड़े दिशा निर्देश दिए गए हैं जिनका पालन करते हुए ही इस बार कंद्रों पर परीक्षाएं होंगी। कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी 2026 से शुरू होगी और अंतिम एग्जाम 12 मार्च को होना है। हालांकि अभी तक अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड (UP Board 2026 Admit Card) जारी नहीं किए गए हैं। बच्चे एडमिट कार्ड के रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
यूपी बोर्ड में 10वीं और 12वीं में करीब 52 लाख से अधिक छात्र इस साल परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक इस साल हाई स्कूल यानी कक्षा 10वीं के 27 लाख से अधिक छात्र और कक्षा 12वीं के 24 लाख से अधिक छात्रों ने रजिस्टर किया है।



