Raghav Chadha: ‘उड़ान यात्री कैफे’ पहुंचे राघव चड्ढा, पी 10 रुपये की चाय
Raghav Chadha enjoys tea for just Rs 10 at Mumbai airport, shares video
देश में ऐसे बहुत कम राजनेता हैं जो आम जनता के हित के लिए आवाज उठाते हों। इन गिने-चुने नेताओं में एक नाम राघव चड्ढा (Raghav Chadha) का है, जो आए दिन सदन में आम जनता से जुड़े अहम मुद्दों को सबके सामने लाता नजर आ रहा है। राघव ने हाल ही में देश के एयरपोर्ट्स पर मिलने वाली महंगी चाय, कॉफी, समोसे का जिक्र किया था। उन्होंने उड़ान यात्री कैफे (Udaan Yatri Cafe) पर सीधे निशाना साधते हुए कहा था कि वो आम जनता से मोटी रकम ले रहे हैं। इस मुद्दे के सामने आने के बाद उड़ान यात्री कैफे ने रेट कम करने की बात कही थी। वहीं अब राघव खुद उड़ान यात्री कैफे पहुंचे हैं। उन्होंने अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
राघव ने अब से कुछ देर पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया। उनका ये वीडियो मुंबई एयरपोर्ट का है। इसमें वो Udaan Yatri Cafe पर पहुंच वहां के स्टाफ से बातचीत करते नजर आए हैं। उन्होंने इस वीडियो को शेयर कर कहा, मैंने मुंबई एयरपोर्ट के उड़ान यात्री कैफे में सिर्फ 10 रुपये में चाय पी। दिल्ली के लिए फ्लाइट से पहले चाय लेने पहुंचा तो वहां कई यात्रियों से बातचीत हुई। सभी बेहद खुश नजर आए और एक ही बात कह रहे थे जेब पर भारी नहीं, शानदार सर्विस और पैसे वसूल। किफायती एयरपोर्ट खाना मुमकिन है, और ये रहा उसका सबूत।
राघव वीडियो में उड़ान यात्री कैफे पर पहुंच वहां के स्टाफ से बात करते नजर आते हैं। वो चाय मांगते हैं और दस रुपये का बिल कटवाते हुए रसीद को भी दिखाते नजर आए हैं। वीडियो के आखिर में राघव को देख एयरपोर्ट पर मौजूद लोग उनके पास आते दिखाई देते हैं और उनके साथ फोटो भी क्लिक करवाते नजर आए हैं। बता दें राघव चड्ढा के पिछले सभी मुद्दे देश की आम जनता के हित में साबित हुए हैं। यही वजह है कि राघव दिन-ब-दिन देश के युवाओं के चहेते नेता बनते जा रहे हैं।



