Asha Bhosle: आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन, कल होगा अंतिम संस्कार
Asha Bhosle legendary singer and voice of Bollywood for decades, dies at 92
दिग्गज सिंगर आशा भोसले (Asha Bhosle) ने 92 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। आशा भोसले को शनिवार देर रात कार्डियक अरेस्ट के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। डॉक्टर्स उनकी तबीयत को सुधारने की लगातार कोशिश करते रहे लेकिन रविवार को आशा भोसले ने अंतिम सांस ली। मशहूर सिंगर का अंतिम संस्कार सोमवार शाम को किया जाएगा।

भारतीय सिनेमा को एक से बढ़कर एक गाने देने वाली आशा भोसले के निधन की खबर ने सबको सदमे में डाल दिया है। आशा भोसले के निधन के बाद से देशभर में शोक की लहर देखने को मिली। दिग्गज नेताओं से लेकर सिने नगरी उन्हें याद कर भावुक होती दिखी। हर कोई अपने तरीके से आशा भोसले को विदाई दे रहा है।

आशा भोसले गानों में अपनी मधुर आवाज देने के सथ-साथ अपने हटके अंदाज से युवाओं का दिल भी जीतती रही हैं। यही वजह है कि उन्हें आशा ताई के नाम से भी जाना जाता था। वहीं आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने मां के अंतिम संस्कार की जानकारी देते हुए कहा कि, मेरी मां आशा भोसले का आज निधन हो गया है। कल चार बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा।

बता दें आशा भोसले को उनकी अद्भुत प्रतिभा के चलते देश के बड़े पुरस्कारों से नवाजा गया था। उन्हें साल 2008 में पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। साल 2000 में आशा ताई को दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड दिया गया। उन्हें दो बार नेशनल अवॉर्ड मिला। साल 1981 और 1986 में उन्हें ये अवॉर्ड दिए गए। उन्होंने 7 बार फिल्मफेयर अवॉर्ड की ट्रॉफी पर कब्जा किया।



