इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के शुरू होने का इंतजार फैन्स बेसब्री से कर रहे थे। वहीं अब ये इंतजार खत्म होने जा रहा है। इस सीजन की शुरुआत 28 मार्च यानी आज से होने जा रही है। ये आईपीएल का 19वां संस्करण है, जिसमें कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। जहां इस महामुकाबले की शुरुआत बिना ओपनिंग सेरेमनी के होगी, वहीं इस सीजन का पहला मुकाबला आरसीबी (RCB) और एसआरएच (SRH) के बीच खेला जाएगा। मैच को लेकर फैन्स में जोरदार एक्साइटमेंट देखने को मिल रहा है।
सभी 10 टीमों के कप्तान भारतीय

बैंगलुरू और हैदराबाद के बीच होने वाली जंग में बैंगलुरू की कमान रजत पाटीदार (Rajat Patidar) के हाथों में होगी, जबकि सबकी निगाहें स्टार प्लेयर विराट कोहली (Virat Kohli) पर रहेंगी। इस मुकाबले में हैदराबाद के कैप्टन ईशान किशन (Ishan Kishan) होंगे, वो पैट कमिंस के आने तक कैप्टन बने रहेंगे। इस तरह से ये पहला आईपीएल सीजन है जिसमें सभी 10 टीमों के कप्तान भारतीय हैं।
काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरेगी RCB
ये मैच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शनिवार को होगा। इस मैच में आरसीबी की टीम हाथ पर काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरेगी। ऐसा उन फैन्स को श्रद्धांजलि देने के लिए किया जाएगा जो पिछले सीजन में आरसीबी की जीत के बाद 4 जून को विक्ट्री परेड के दौरान हुई भगदड़ में जान गंवा बैठे थे।

बता दें विक्ट्री परेड के दौरान हुई धक्का-मुक्की और भगदड़ में 11 फैन्स ने अपनी जान गंवाई थी। इसको ध्यान में रखते हुए और उन्हें श्रद्धांजली देने के लिए सभी खिलाड़ी वार्म अप के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहने नजर आएंगे। वहीं मैच में काली पट्टी बांधकर उतरेंगे। इतना ही नहीं स्टेडियम में 11 सीटें खाली रखी गई हैं जो मृतकों को समर्पित की गई हैं। यही कारण है कि इस बार सीजन की शुरुआत ओपनिंग सेरेमनी के बिना होगी।



