Badaun: स्कूल में 6 साल की बच्ची की मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
उत्तर प्रदेश के बदायूं (Badaun) से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक छह साल की बच्ची की स्कूल में ब्रेसलेट का मोती निगल लेने के बाद मौत हो गई। घटना से आहत परिजनों ने स्कूल पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
मामला उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के ककराला का है। यहां 6 साल की बच्ची की स्कूल में मौत हो गई। मृतक बच्ची का नाम तापसी है वो ‘न्यू होप्स पब्लिक स्कूल’ में पढ़ती है। सोमवार को हाथ के ब्रेसलेट का मोती निगल लेने की वजह से बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई।
इस घटना पर स्कूल प्रशासन का कहना है कि सोमवार सुबह क्लास में तापसी ने अपने हाथ में पहने ब्रेसलेट का मोती निगल लिया था, जिससे उसकी सांस नली बाधित हो गई। उसे तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं इस घटना से आहत बच्ची के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। तापसी के पिता टेकचंद का दावा है कि उनकी बेटी घर से ब्रेसलेट पहनकर नहीं गई थी और उन्हें इस घटना की जानकारी काफी देर से दी गई। फिलहाल, पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।



