Rajasthan: भांजे की शादी में 8 करोड़ का मायरा, 5 किलोमीटर लंबा काफिला
8 crore rupees maayra at nephew's wedding
राजस्थान (Rajasthan) के नागौर (Nagaur) जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी में 8 करोड़ का मायरा दिया गया है। यही नहीं इस शादी में करीब 5 किलोमीटर तक गाड़ियों का लंबा काफिला देखने को मिला है। अब ये अनोखी शादी चर्चा में आ गई है।
मामला नागौर के शिवपुरा गांव का है। यहां एक अनोखी और चर्चित शादी देखने को मिली, जहां 6 मामाओं ने अपने भांजे की शादी में करीब 8 करोड़ रुपए का मायरा भरकर सबको हैरान कर दिया है। ये मायरा जिले से करीब 30 किलोमीटर दूर ढींगसरा गांव के मेहरिया परिवार की ओर से भरा गया, जो अब इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
इस अनोखे मायरे में 2.21 करोड़ रुपए नकद, 1 किलो सोना, 14 किलो चांदी और 100 बीघा जमीन दी गई। इसके साथ-साथ गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली भी भेंट की गई है। जब मामा परातों में कैश और गहने लेकर पहुंचे तो वहां मौजूद लोग ये नजारा देख दंग रह गए। मायरे के खास मौके पर करीब 5 किलोमीटर लंबा काफिला देखने को मिला। इस काफिले में ट्रैक्टर, ट्रॉली, बसें, कारें और बैलगाड़ियां भी शामिल थी। मायरे में शामिल होने के लिए हजारों लोगों का जुलूस देखा गया। इस चर्चित शादी का माहौल किसी उत्सव जैसा देखा गया। यहां आए मेहमानों को चांदी के सिक्के बांटे गए हैं।
बता दें मारवाड़ क्षेत्र में मायरा, जिसे भात भी कहा जाता है कि परंपरा काफी खास है। इसे ननिहाल पक्ष अपनी बहन के बच्चों की शादी में उपहार स्वरूप देता है।



