Bihar: 60 साल के प्रिंसिपल को 28 की टीचर से हुआ प्यार, नेपाल में रचाई शादी
60-year-old principal falls in love with 28-year-old teacher, marries her in Nepal
बिहार (Bihar) के मुजफ्फरपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक अधेड़ प्रिंसिपल को अपने से कम उम्र की महिला टीचर से प्यार हो गया और दोनों ने बिहार से भागकर नेपाल में शादी कर ली। वहीं लड़की के भाई ने प्रिंसिपल पर अपहरण का आरोप लगाया।

मामला बिहार जिले के मुजफ्फरपुर के औराई का है। यहां के निवासी राकेश शाह, जिनकी उम्र 60 साल है। वो एक प्राइवेट स्कूल को चलाते हैं और स्कूल के प्रिंसिपल भी हैं। इसी स्कूल में शाइस्ता परवीन शिक्षिका के तौर पर कार्यरत हैं। उनकी उम्र 28 साल बताई गई है। स्कूल में साथ काम करते-करते प्रिंसिपल और शिक्षिका के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। प्यार के परवान चढ़ते दोनों ने लोक लाज की फिक्र किए बिना साथ रहने का फैसला कर लिया।
राकेश शाह पहले से शादीशुदा हैं और चार बच्चों के पिता भी हैं। उन्होंने शाइस्ता के प्यार में सबको छोड़ दिया और प्रेमिका के साथ फरार हो गए। दोनों ने बिहार से नेपाल जाकर वहां शादी रचा ली है। दोनों ने 18 फरवरी को जनकपुर धाम के एक मंदिर में शादी की रस्में पूरी की। उनकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। वहीं शाइस्ता के भाई ने प्रिंसिपल पर बहन के अपहरण का आरोप लगाया है।
शाइस्ता के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसने कहा कि प्रिंसिपल ने शाइस्ता को डरा-धमकाकर और बहला-फुसलाकर उसका अपहरण किया है। शिकायतकर्ता ने प्रिंसिपल की पत्नी के साथ-साथ सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।



